महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

सहरसा में निकाह की खुशियां मातम में बदलीं, मटन की जगह चिकन परोसने पर बारात में बवाल

प्रकाशित: 10-07-2026, 05:51 AM
सहरसा में निकाह की खुशियां मातम में बदलीं, मटन की जगह चिकन परोसने पर बारात में बवाल
शेयर करें:

बिहार के सहरसा जिले में एक निकाह समारोह उस समय हिंसा की भेंट चढ़ गया, जब दावत में परोसे गए भोजन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

निकाह के बाद दावत में शुरू हुआ विवाद

यह मामला महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव का है, जहां सिमरी बख्तियारपुर से बारात पहुंची थी। निकाह की रस्में शांतिपूर्वक पूरी होने के बाद जब बारातियों को भोजन परोसा गया, तभी विवाद शुरू हो गया।

'मटन का वादा था, पर परोसा गया चिकन'

दूल्हा पक्ष का आरोप है कि निकाह से पहले भोज में खस्सी (मटन) परोसने की बात कही गई थी, लेकिन दावत में मुर्गा (चिकन) परोसा गया। इसी बात को लेकर बारातियों ने आपत्ति जताई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

लाठी-डंडों से मारपीट, कई बाराती घायल

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे शादी समारोह में भगदड़ मच गई। इस घटना में दूल्हा पक्ष के मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल मो. इरफान ने आरोप लगाया कि भोजन को लेकर शिकायत करने पर लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया।

पुलिस से शिकायत की तैयारी, जांच के बाद होगी कार्रवाई

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। दूल्हा पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। निकाह समारोह में हुए इस विवाद की पूरे इलाके में चर्चा बनी हुई है।

 
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: