महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

मुंगेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच देशी पिस्टल के साथ हथियार सप्लाई करने वाला डिलीवरी बॉय गिरफ्तार

प्रकाशित: 11-07-2026, 05:10 AM
मुंगेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच देशी पिस्टल के साथ हथियार सप्लाई करने वाला डिलीवरी बॉय गिरफ्तार
शेयर करें:

मुंगेर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित हथियार डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पांच देशी पिस्टल, पांच अतिरिक्त मैगजीन, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले की जानकारी सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

वाहन जांच के दौरान दबोचा गया आरोपी

एसडीपीओ ने बताया कि बरियारपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भागलपुर जिले से एक व्यक्ति बाइक के जरिए अवैध हथियार लेकर मुंगेर की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बरियारपुर थानाध्यक्ष अमरेश कुमार, जिला आसूचना इकाई की टीम और सशस्त्र बल के साथ बरियारपुर तीन बटिया के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान घोरघट की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस और सशस्त्र बल की तत्परता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

झोले से बरामद हुईं पांच पिस्टल और मैगजीन

गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में अपना नाम मो. शदाकत अंसारी उर्फ करकू बताया, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कल्याणचक सीताकुंड का रहने वाला है। तलाशी के दौरान बाइक के हैंडल में टंगे झोले से पांच देशी पिस्टल और पांच अतिरिक्त मैगजीन बरामद की गईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

भागलपुर से हथियार लेकर मुंगेर में करनी थी डिलीवरी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे भागलपुर के भगवाननाथ चौक स्थित एक लाइन होटल के पास एक व्यक्ति ने ये हथियार सौंपे थे। उसे इन हथियारों की डिलीवरी मुंगेर के बरदह गांव निवासी मो. शलीम उर्फ फलोसन को करनी थी।

पहले भी कर चुका है हथियारों की सप्लाई

पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार अवैध हथियारों की डिलीवरी कर चुका है। इसके बदले उसे हर खेप पहुंचाने पर अच्छी-खासी रकम मिलती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई चेन में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि हथियार लेने वाले मो. शलीम उर्फ फलोसन की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं, भागलपुर में आरोपी को हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भी पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

बरियारपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा।

 
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: