महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

बांका डबल मर्डर केस में पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

प्रकाशित: 11-07-2026, 05:24 AM
बांका डबल मर्डर केस में पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
शेयर करें:

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के चर्चित बलिया–पड़तल्लो डबल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी सचिन कुमार उर्फ सचिन सिंह को झारखंड के रांची रेलवे स्टेशन स्थित अमृत होटल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को लंबे समय से फरार रहने के बाद विशेष अभियान चलाकर दबोचा।

5 जुलाई को हुई थी दो लोगों की हत्या

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को गुंजन कुमार सिंह (34) और सिंधु कुमार (33) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अमरपुर थाना कांड संख्या 393/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। इससे पहले इस मामले में एक अन्य आरोपी सोमनाथ सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस ने बताया कि 11 जुलाई की सुबह आरोपी सचिन कुमार को घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए उसकी निशानदेही पर ले जाया गया। इसी दौरान उसने छिपाकर रखी पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त लोडेड पिस्तौल भी बरामद कर ली गई।

अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सदर अस्पताल, बांका में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और सुरक्षा के बीच उसका इलाज जारी है।

कई गंभीर मामलों में पहले से दर्ज हैं केस

पुलिस के अनुसार, आरोपी सचिन कुमार उर्फ सचिन सिंह के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बिजली अधिनियम और अवैध खनन समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: