बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में हैं। पति रणवीर सिंह के साथ दूसरे बच्चे का इंतजार कर रहीं दीपिका ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रेग्नेंसी से जुड़ा एक खास अपडेट साझा किया है। उन्होंने बताया कि प्रेग्नेंसी के तीसरे चरण (थर्ड ट्राइमेस्टर) में उन्हें किन शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
इंस्टाग्राम स्टोरी में साझा की रील
दीपिका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक मजेदार लेकिन भावुक रील शेयर की। वीडियो में एक गर्भवती महिला को थर्ड ट्राइमेस्टर के दौरान बेहद धीरे-धीरे बाथरूम की ओर जाते हुए दिखाया गया है। इस रील के साथ दीपिका ने उल्टा स्माइली इमोजी पोस्ट किया, जिससे उन्होंने बिना कुछ कहे अपनी मौजूदा स्थिति और परेशानियों का संकेत दिया।
अप्रैल में दी थी दूसरी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी
दीपिका और रणवीर सिंह ने अप्रैल में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने दूसरे बच्चे के आने की जानकारी दी थी। इस पोस्ट में उनकी बेटी दुआ पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट पकड़े हुए नजर आई थी। इस खास घोषणा के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने दोनों को शुभकामनाएं दी थीं।
बेटी दुआ के बाद परिवार में फिर गूंजेगी किलकारी
सितंबर 2024 में दीपिका और रणवीर ने अपनी पहली संतान बेटी दुआ का स्वागत किया था। इसके बाद से दीपिका अपने प्रोफेशनल और पर्सनल जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने को लेकर चर्चा में रही हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के लिए 8 घंटे की शिफ्ट की वकालत भी की थी। इसी दौरान उन्होंने कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स से दूरी बनाई और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी कम नजर आईं।
कई बड़ी फिल्मों में आएंगी नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका पादुकोण के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह शाहरुख खान के साथ एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' में नजर आएंगी, जिसकी शूटिंग वह पूरी कर चुकी हैं। यह फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा दीपिका, अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली की पैन-इंडिया एक्शन फिल्म 'राका' का भी हिस्सा हैं। वहीं संजय लीला भंसाली की बहुचर्चित फिल्म 'लव एंड वॉर' में उनके एक खास भूमिका निभाने की भी चर्चाएं हैं।