भागलपुर स्मार्ट सिटी नगर निगम कार्यालय में शनिवार को अलग ही नजारा देखने को मिला। कार्यालय की अधिकांश शाखाएं खाली नजर आईं और विभिन्न विभागों के प्रभारी व कर्मचारी अपने कक्षों में मौजूद नहीं थे। इससे अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घंटों इंतजार करते रहे लोग
नगर निगम में कर शाखा, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र शाखा सहित अन्य विभागों में काम कराने पहुंचे लोग लंबे समय तक कर्मचारियों का इंतजार करते रहे। कोई एक घंटे से तो कोई दो घंटे से कार्यालय में बैठा रहा, लेकिन संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका काम नहीं हो सका।
सफाई अभियान में लगाए गए कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, नगर आयुक्त के निर्देश पर जारी एक आदेश के तहत नगर निगम के विभिन्न विभागों के प्रभारी और कर्मचारियों को दोपहर 3 बजे तक सफाई अभियान में लगाया गया है। इसी वजह से कार्यालय की अधिकांश शाखाएं खाली रहीं और नियमित कामकाज प्रभावित हुआ।
सूचना के अभाव में बढ़ी परेशानी
कार्यालय पहुंचे लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से परिसर में कोई सूचना या नोटिस नहीं लगाया गया था, जिससे लोगों को यह जानकारी मिल सके कि कर्मचारी सफाई अभियान में व्यस्त हैं और दोपहर 3 बजे के बाद कार्यालय लौटेंगे। सूचना के अभाव में लोग घंटों तक कर्मचारियों का इंतजार करते रहे।
व्यवस्था पर उठे सवाल
कार्यालय में मौजूद लोगों ने सवाल उठाया कि यदि कर्मचारियों को किसी विशेष अभियान में लगाया गया था तो आम नागरिकों की सुविधा के लिए इसकी पूर्व सूचना दी जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि ऐसी व्यवस्था से लोगों का समय बर्बाद होता है और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।