इटावा में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं से जुड़े लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के उपलब्ध कराया जाए।
वृद्धावस्था पेंशन योजना की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष सत्यापन कार्य भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन का लाभ मिल सके।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करें।