खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के बावजूद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद हाजीपुर पहुंचे। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग घंटों तक कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। अक्षयवट राय स्टेडियम में मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
निबंधन कार्यालय में शुरू की कई नई पहल
स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जिला निबंधन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने निबंधन विभाग से जुड़ी कई जनहितकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं का उद्देश्य रजिस्ट्री प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाना है।
80 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को मिलेगी होम रजिस्ट्रेशन सुविधा
'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम रजिस्ट्रेशन सुविधा की शुरुआत की। अब ऐसे बुजुर्गों को जमीन की रजिस्ट्री के लिए निबंधन कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। विभाग के कर्मचारी स्वयं उनके घर जाकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
पेपरलेस रजिस्ट्री और GIS तकनीक की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने राज्य में पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था की भी शुरुआत की। इसके तहत दस्तावेज डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेंगे और पूरी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी। साथ ही निबंधन से पहले अंचल अधिकारी (सीओ) द्वारा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और GIS तकनीक के माध्यम से भूमि का निरीक्षण करने जैसी नई व्यवस्था भी लागू की गई।
मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों और जरूरतमंद लोगों तक निबंधन सेवाएं पहुंचाना है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उपमुख्यमंत्री भी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव और विजय चौधरी सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का कहना है कि इन नई योजनाओं से आम लोगों को निबंधन प्रक्रिया में राहत मिलेगी और सरकारी सेवाएं पहले से अधिक आसान और पारदर्शी बनेंगी।