कैमूर जिले के भभुआ शहर में सड़क पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। वार्ड संख्या-7 में जलजमाव और कूड़ा-कचरे की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद भभुआ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अमित कुमार और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मिली गंदगी, तुरंत कराई गई सफाई
जांच के दौरान अधिकारियों ने पुराना ब्लॉक परिसर के पास जलजमाव और सड़क किनारे कूड़े का बड़ा ढेर पाया। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने तत्काल सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को साफ कराया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।
घर से ही दें कचरा, सड़क पर न फेंकें
एसडीएम अमित कुमार और ईओ संजय उपाध्याय ने कहा कि नगर परिषद के सफाई कर्मी नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण के लिए आते हैं। ऐसे में लोग अपने घरों का कचरा सड़क पर फेंकने के बजाय सफाई कर्मियों को ही सौंपें, ताकि उसे निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचाया जा सके और शहर स्वच्छ बना रहे।
प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील
अधिकारियों ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक आसानी से नष्ट नहीं होती और पर्यावरण को लंबे समय तक नुकसान पहुंचाती है। यदि अभी से इसका उपयोग कम किया जाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
नगर परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई दुकानदार या आम नागरिक सड़क पर कचरा फेंकते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ-साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है।