फारबिसगंज शहर के समग्र विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर फारबिसगंज सिविल सोसायटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अररिया के सांसद प्रदीप सिंह शामिल हुए। बैठक में शहर के व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
रेलवे, जलजमाव और ट्रैफिक जाम रहे प्रमुख मुद्दे
बैठक में रेलवे सुविधाओं के विस्तार, शहर में जलजमाव की समस्या और लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम को प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित लोगों ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग करते हुए सांसद के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
रेलवे सुविधाओं के विस्तार की उठी मांग
सिविल सोसायटी ने जोगबनी–कोलकाता एक्सप्रेस (13159/13160) का परिचालन सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन किए जाने की मांग की। इसके अलावा जोगबनी से सिलीगुड़ी तक अररिया, खवासपुर और गलगलिया के रास्ते एक जोड़ी पैसेंजर ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव रखा गया।
वाशिंग पिट का निर्माण जल्द पूरा करने की अपील
बैठक में जोगबनी रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन वाशिंग पिट का कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। वक्ताओं का कहना था कि वाशिंग पिट बनने के बाद नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ होगा, जिससे सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
सांसद ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
सिविल सोसायटी और व्यवसायी वर्ग ने सांसद प्रदीप सिंह से इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया। सांसद ने सभी सुझावों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि वे रेलवे मंत्रालय और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
'फारबिसगंज का विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता'
अपने संबोधन में सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि फारबिसगंज का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, क्षेत्र के विकास कार्यों की गति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सड़क, रेलवे, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि फारबिसगंज को विकास की नई दिशा मिल सके।
अन्य जनसमस्याओं पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान शहर के सर्वांगीण विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की।