बेगूसराय में देर शाम अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पूर्व जिला पार्षद एवं राजद नेता मोहम्मद सिकंदर अली को गोली मार दी। घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र के सिंधिया चौक स्थित फल मंडी में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने मोहम्मद सिकंदर अली पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने घायल मोहम्मद सिकंदर अली को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी जारी
तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अस्पताल पहुंचे राजद नेता और कार्यकर्ता
घटना की जानकारी मिलते ही राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुंचे तथा घायल नेता का हालचाल जाना।
बरौनी नगर परिषद राजद अध्यक्ष हैं सिकंदर अली
मोहम्मद सिकंदर अली वर्तमान में बरौनी नगर परिषद के राजद अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे पूर्व जिला पार्षद भी रह चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।