कॉन्टेंट क्रिएटर और रियलिटी शो प्रतिभागी अदनान शेख का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाओं, विशेषकर तलाकशुदा (डिवोर्सी) और विधवा (विडो) महिलाओं को लेकर की गई उनकी टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई है।
पॉडकास्ट में दिया था विवादित बयान
'आ दिल की बात करें' पॉडकास्ट में अदनान शेख शादी, तलाक और विधवा महिलाओं के विषय पर चर्चा कर रहे थे। वायरल क्लिप में उन्होंने कहा कि विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को दो ही विकल्प मिलते हैं—या तो वे दोबारा शादी कर सम्मानजनक जीवन जिएं, या फिर "पब्लिक प्रॉपर्टी" बन जाएं। उन्होंने समाज से सवाल करते हुए कहा कि यदि ऐसी महिलाएं दोबारा शादी करें तो इसका विरोध क्यों किया जाता है।
उनके इस बयान में "पब्लिक प्रॉपर्टी" जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
उर्फी जावेद ने जताई नाराजगी
अभिनेत्री और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उर्फी जावेद ने भी अदनान शेख की वायरल क्लिप अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की। उन्होंने इस बयान पर नाराजगी जताते हुए लिखा कि ऐसे लोगों को इस तरह की बातें कहने का मंच क्यों दिया जाता है।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अदनान शेख के बयान की आलोचना की। कुछ लोगों ने इसे महिलाओं का अपमान बताया, जबकि कुछ ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की। कई यूजर्स ने कहा कि इस तरह की भाषा समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश देती है।
पहले भी रहे हैं विवादों में
अदनान शेख इससे पहले भी अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। अपनी शादी के बाद उनकी बहन ने आरोप लगाया था कि उन्होंने एक हिंदू लड़की से शादी कर उसका धर्म परिवर्तन कराया है। हालांकि, अदनान ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि भारत में हर व्यक्ति को अपनी इच्छा से धर्म चुनने की आजादी है और किसी पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव नहीं डाला जा सकता।
कौन हैं अदनान शेख?
अदनान शेख एक लोकप्रिय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वह MTV Ace of Space Season 2, Bigg Boss OTT 3 और The 50 जैसे रियलिटी शोज का हिस्सा रह चुके हैं।