महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

मोहनिया अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट, सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों का हंगामा

प्रकाशित: 14-07-2026, 06:40 AM
मोहनिया अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट, सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों का हंगामा
शेयर करें:

मोहनिया थाना क्षेत्र के बरकत नगर के समीप उत्तरी सर्विस रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया गया कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, मोहनिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के नौघड़ा गांव निवासी दिवान कलामुद्दीन खान के पुत्र गुफरान खान के रूप में हुई है।

इलाज में लापरवाही का आरोप, अस्पताल में हंगामा

मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने समय पर घायल की जांच नहीं की, जिससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान कुछ लोगों ने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए कथित रूप से मारपीट की।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, पुलिस पर भी उठे सवाल

मारपीट की घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया। हालांकि सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर और प्रभारी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

अस्पताल प्रशासन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अविनाश सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि घायल को अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सक ने जांच के बाद उसे 'डेड ब्रॉट' घोषित किया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट की, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मामले में थाने में लिखित शिकायत दी गई है। यदि आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो चिकित्सक आंदोलन करने पर विचार करेंगे।

पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा

मोहनिया के प्रभारी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया गया है। वहीं डॉक्टर के साथ मारपीट के मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: