महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

शराब के नशे में युवक बना हैवान! महोबा में महिला पर ताबड़तोड़ हमला, मौत

प्रकाशित: 14-07-2026, 06:51 AM
शराब के नशे में युवक बना हैवान! महोबा में महिला पर ताबड़तोड़ हमला, मौत
शेयर करें:

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरखारी कस्बे में कथित तौर पर शराब के नशे में धुत एक युवक ने 55 वर्षीय महिला पर पत्थर की भारी चीप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान झांसी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

चबूतरे पर बैठी थीं महिला, गाली-गलौज का विरोध करने पर भड़का आरोपी

जानकारी के अनुसार, घटना चरखारी कोतवाली क्षेत्र के मड़वासन मोहल्ले की है। मृतका गिरजादेवी (55) सोमवार देर रात अपने पड़ोसी राजेंद्र की किराना दुकान के चबूतरे पर बैठी थीं। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला राकेश कुमार कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

बताया जा रहा है कि जब गिरजादेवी ने उसे ऐसा करने से रोका, तो आरोपी भड़क गया। उसने पहले महिला को जान से मारने की धमकी दी और फिर पास में रखी पत्थर की भारी चीप उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया।

बचाने पहुंचे बेटे के सामने किए लगातार तीन वार

महिला की चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा सुनील मौके पर पहुंचा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी महिला के सिर पर लगातार तीन बार वार कर चुका था। हमला इतना गंभीर था कि पत्थर की चीप भी टूट गई और महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गईं।

झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर सिर की चोट के चलते पहले महोबा जिला अस्पताल और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर विनय कुमार पटेल के अनुसार, महिला के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और उनकी हालत बेहद नाजुक थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही चरखारी कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।

आरोपी हिरासत में, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी राकेश कुमार आदतन झगड़ालू है और पहले भी कई बार विवाद कर चुका है।

मृतका के पुत्र जितेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: