भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल राघवानी के पिता का निधन हो गया है। इस दुखद खबर की जानकारी अभिनेत्री ने स्वयं अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा कर दी। उन्होंने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे अपने जीवन की अपूरणीय क्षति बताया।
भावुक पोस्ट में बयां किया दर्द
काजल राघवानी ने अपनी पोस्ट में लिखा, "पापा, आपका जाना मेरे जीवन के लिए एक असहनीय क्षति है। आपके दिए हुए संस्कार और आपकी यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी। ईश्वर आपकी पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। भावभीनी श्रद्धांजलि।" उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फैंस और शुभचिंतकों ने उन्हें सांत्वना दी और उनके पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सेलेब्स और फैंस ने जताया शोक
अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने भी काजल की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए "ॐ शांति" लिखा। इसके अलावा कई कलाकारों और प्रशंसकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और काजल राघवानी व उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत बनाए रखने की शुभकामनाएं दीं।
भोजपुरी इंडस्ट्री में लगातार सक्रिय हैं काजल
काजल राघवानी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उनके गाने और फिल्में लगातार दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहते हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है।
'भोजपुरी बवाल' में आएंगी नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो काजल राघवानी जल्द ही जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी के भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आएंगी। हाल ही में शो का टीजर जारी किया गया था, जिसमें उनका दमदार अंदाज देखने को मिला। इस शो में काजल राघवानी के अलावा पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे और तेजप्रताप यादव सहित कई चर्चित चेहरे भी नजर आएंगे। यह रियलिटी शो 2 अगस्त से प्रसारित होगा।