महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

सिद्धार्थनगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में दफन मिला शव

प्रकाशित: 15-07-2026, 05:38 AM
सिद्धार्थनगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में दफन मिला शव
शेयर करें:

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी के करीब एक महीने बाद एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर दफन मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

चक मझारी गांव का मामला

यह पूरा मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चक मझारी गांव का है। मृतका की पहचान मुफीदुन के रूप में हुई है, जो संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दसहवां गांव की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक, मुफीदुन की शादी करीब एक महीने पहले ही चक मझारी गांव निवासी युवक से हुई थी।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका की मां तस्नीबुन्निशा का आरोप है कि उनके दामाद ने फोन कर खुद बताया कि उसने उनकी बेटी की हत्या कर शव को घर में दफना दिया है। यह जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और उन्होंने तुरंत डुमरियागंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया शव

शिकायत मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट की निगरानी में घर के अंदर दफन शव को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

दहेज हत्या समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज

क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: