शहर के थानेश्वर मंदिर परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अंतर्जातीय प्रेम विवाह करने पहुंचे एक युवक की बहन ने शादी का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान दुल्हन के सामने ही युवक की पिटाई किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रेम विवाह के लिए भैंस बेचने का दावा
जानकारी के अनुसार, सरायरंजन प्रखंड के उदयपुर निवासी सत्वान कुमार चौधरी अपनी प्रेमिका से विवाह करने थानेश्वर मंदिर पहुंचे थे। युवक का दावा है कि शादी का खर्च जुटाने के लिए उसने अपनी भैंस बेच दी थी।
शादी के दौरान पहुंची बहन, किया विरोध
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाह की रस्मों के दौरान युवक की बहन मंदिर पहुंच गई और शादी का विरोध करने लगी। आरोप है कि उसने कहा कि वह इस विवाह को स्वीकार नहीं करेगी और दोनों को घर में रहने नहीं देगी। इसी दौरान उसने अपने भाई के साथ मारपीट भी की, जिससे मंदिर परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
युवक ने लगाए पैसे मांगने के आरोप
युवक का आरोप है कि उसकी बहन उससे पैसों की मांग कर रही थी। उसने कहा कि उसने अपनी भैंस बेचकर प्रेम विवाह किया है और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। घटना के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई गई घटनाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार है।