महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

'नीरजा' और 'तुम्हारी सुलु' के निर्माता अतुल कस्बेकर पर टूटा दुखों का पहाड़, अरुण कस्बेकर का निधन

प्रकाशित: 16-07-2026, 06:40 AM
'नीरजा' और 'तुम्हारी सुलु' के निर्माता अतुल कस्बेकर पर टूटा दुखों का पहाड़, अरुण कस्बेकर का निधन
शेयर करें:

मशहूर सेलिब्रिटी फोटोग्राफर और फिल्म निर्माता अतुल कस्बेकर के पिता अरुण कस्बेकर का 14 जुलाई 2026 को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। इस दुखद खबर की जानकारी अतुल कस्बेकर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर दी।

भावुक पोस्ट में पिता को किया याद

अतुल कस्बेकर ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उनका निधन बेहद शांतिपूर्ण तरीके से हुआ और उन्हें किसी प्रकार की पीड़ा नहीं हुई। उन्होंने बताया कि अंतिम समय में उनके पिता के साथ उनकी पत्नी और स्वयं अतुल मौजूद थे।

'उन्होंने हमें अच्छे संस्कार दिए'

अपने पिता को याद करते हुए अतुल ने लिखा कि अरुण कस्बेकर बेहद बुद्धिमान, हाजिरजवाब और गणित में निपुण थे। उन्हें अपनी संस्कृति, भाषा और खान-पान पर गर्व था। अतुल ने कहा कि उनके पिता एक स्वनिर्मित (Self-made) इंसान थे, जिन्होंने अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल की।

भावुक संदेश में उन्होंने लिखा, "पापा, हमें अच्छे संस्कार देने और हमारे जीवन को खुशियों से भरने के लिए आपका धन्यवाद। आपकी हमेशा बहुत याद आएगी।"

परिवार में छोड़ गए बड़ी विरासत

अरुण कस्बेकर अपने पीछे पत्नी, चार बच्चे और आठ पोते-पोतियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार और करीबी लोगों में शोक की लहर है।

बॉलीवुड सितारों ने जताया शोक

अरुण कस्बेकर के निधन पर फिल्म जगत की कई हस्तियों ने दुख व्यक्त किया। उर्मिला मातोंडकर, मनोज बाजपेयी, दीया मिर्जा, दिव्या दत्ता, करण वीर शर्मा और शंकर महादेवन सहित कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं महिमा चौधरी ने लिखा, "ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।" जबकि जैकी श्रॉफ ने "ओम शांति" लिखकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कौन हैं अतुल कस्बेकर?

अतुल कस्बेकर भारत के जाने-माने सेलिब्रिटी फोटोग्राफर और फिल्म निर्माता हैं। वह अपने प्रतिष्ठित कैलेंडर शूट्स के लिए खास पहचान रखते हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस एलिप्सिस एंटरटेनमेंट के बैनर तले 'नीरजा', 'तुम्हारी सुलु' और 'लूप लपेटा' जैसी चर्चित फिल्मों का निर्माण किया गया है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: