महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

बरेली में घर से बुलाकर ले गए किशोर की मौत, दोस्त पर हत्या का आरोप

प्रकाशित: 16-07-2026, 11:03 AM
बरेली में घर से बुलाकर ले गए किशोर की मौत, दोस्त पर हत्या का आरोप
शेयर करें:

बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम कांधरपुर में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्त और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।मृतक की पहचान अनमोल कश्यप के रूप में हुई है, जो लाल फाटक, बदायूं रोड स्थित एक ढाबे पर काम करता था।

रात में दोस्त टेंपो से बुलाकर ले गया: परिजन

अनमोल की बहन पूजा के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे अनमोल काम से घर लौटा था। इसके कुछ देर बाद करीब 11 बजे उसका दोस्त हर्ष टेंपो लेकर घर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया।परिजनों का आरोप है कि घर से निकलते समय अनमोल ने आशंका जताई थी कि उसके साथ कुछ गलत हो सकता है। बहन के अनुसार, उसने जाते समय कहा था कि "ये लोग मुझे मार देंगे" और मां को इस बारे में न बताने की बात कही थी।

एक्सीडेंट की सूचना देकर युवक हुआ फरार होने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि देर रात हर्ष ने अपनी पहचान की एक युवती को फोन कर बताया कि अनमोल का एक्सीडेंट हो गया है और उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद युवती ने अनमोल की बहन पूजा को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलने के बाद परिवार मौके पर पहुंचा, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बाद में जानकारी मिली कि अनमोल का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

गलत मोबाइल नंबर दर्ज कराने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हर्ष जिला अस्पताल में गलत मोबाइल नंबर दर्ज कराकर वहां से चला गया। परिवार ने दोस्त और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली- तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई

कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: