बाढ़-02 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में बख्तियारपुर थाना पुलिस ने विदेश में पढ़ाई, पार्ट-टाइम नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर बख्तियारपुर थाना कांड संख्या-209/2025 के अभियुक्त विवेक भटनागर उर्फ विवेक कुमार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी साहिबाबाद थाना क्षेत्र के संजय कॉलोनी, अर्थला का निवासी है।
यूके की यूनिवर्सिटी में दाखिले का दिया था झांसा
पुलिस के अनुसार, रानीसराय (बख्तियारपुर) निवासी रौशन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विवेक भटनागर, अभिषेक वर्मा, सूरज शर्मा और अन्य लोगों ने उनकी पत्नी मेनका कुमारी का यूनाइटेड किंगडम की कार्डिफ यूनिवर्सिटी में दाखिला, पार्ट-टाइम नौकरी और वीजा दिलाने का भरोसा दिलाया। इस प्रक्रिया में करीब 8.26 लाख रुपये खर्च होने की बात कहकर लिखित एग्रीमेंट के आधार पर 3,85,500 रुपये वसूल लिए गए।
फर्जी दस्तावेजों से किया गुमराह
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कई महीनों तक फर्जी एडमिशन से जुड़े दस्तावेज दिखाकर पीड़ित परिवार को गुमराह किया। बाद में जब पीड़ित ने स्वयं कार्डिफ यूनिवर्सिटी से ई-मेल के माध्यम से जानकारी ली, तो पता चला कि मेनका कुमारी के नाम से कोई नामांकन हुआ ही नहीं था।
पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
सच्चाई सामने आने के बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी। सुरक्षा के नाम पर दिया गया चेक भी गलत हस्ताक्षर के कारण बाउंस हो गया।
संगठित ठगी गिरोह का सदस्य निकला आरोपी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो विदेश में पढ़ाई, नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था। ठगी के बाद गिरोह अपना कार्यालय बंद कर फरार हो जाता था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।