चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन स्थित टीआरएस शेड में शनिवार को कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। क्रेन की पुली अचानक गिरने से रेलकर्मी प्रमोद कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।
हादसे के बाद कर्मचारियों ने किया टूल डाउन
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने टूल डाउन कर दिया और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
जर्जर क्रेन और स्टाफ की कमी का लगाया आरोप
रेल कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से जर्जर क्रेन का उपयोग किया जा रहा था। साथ ही, पर्याप्त क्रेन चालकों की कमी के बावजूद कर्मचारियों से काम लिया जा रहा था, जिसके कारण यह गंभीर हादसा हुआ।
पुलिस और आरपीएफ ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति पर नजर बनाए रखी। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
घायल रेलकर्मी प्रमोद कुमार यादव अलीनगर थाना क्षेत्र के जंसो की मड़ई गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिससे रेल परिचालन भी प्रभावित हो सकता है।