अभिनेता राजेश शर्मा को हाल ही में अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। इस महीने की शुरुआत में हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान उन्हें एक कीड़े ने काट लिया था। शुरुआत में घटना सामान्य लगी, लेकिन बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घर पर आराम कर रहे हैं अभिनेता
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजेश शर्मा अब मुंबई स्थित अपने घर पर आराम कर रहे हैं और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही काम पर लौटने की तैयारी कर रहे हैं।
एफडब्ल्यूआईसीई अध्यक्ष ने दी स्वास्थ्य की जानकारी
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने बताया कि राजेश शर्मा को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि अभिनेता फिलहाल घर पर स्वस्थ हो रहे हैं और आने वाले दिनों में एक प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए विदेश भी जा सकते हैं।
रामोजी फिल्म सिटी में हुआ था हादसा
बताया गया कि 8 जुलाई को हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान घनी झाड़ियों वाले इलाके में उन्हें एक कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और तय कार्यक्रम के अनुसार कोलकाता रवाना हो गए। बाद में उनके दाहिने पैर में तेज दर्द और बुखार की शिकायत होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अक्षय कुमार ने जताई थी चिंता
राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद अभिनेता अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने राजेश शर्मा के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी।
जल्द काम पर लौटेंगे राजेश शर्मा
वर्कफ्रंट की बात करें तो राजेश शर्मा हाल ही में अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'भूत बंगला' में नजर आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब स्वास्थ्य में सुधार के बाद वह जल्द ही अपनी आगामी परियोजनाओं की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।