फिल्म 'धुरंधर' के गानों से सुर्खियां बटोर रहीं पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस इन दिनों देहरादून में आयोजित अपने लाइव कॉन्सर्ट को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि इस बार वजह उनकी परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा एक वीडियो है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि कॉन्सर्ट के बाद फैंस से मुलाकात के दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने उनके साथ अनुचित व्यवहार करने की कोशिश की। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फैंस से मुलाकात के दौरान हुआ घटनाक्रम
देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित लाइव शो में जैस्मिन सैंडलस ने अपने लोकप्रिय गाने 'सिप सिप', 'शरारत' और 'लावां' प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद थे। शो समाप्त होने के बाद जैस्मिन स्टेज से उतरकर फैंस से मिलने पहुंचीं। इस दौरान लोग उनसे हाथ मिला रहे थे और उन्हें गुलाब के फूल भेंट कर रहे थे। इसी दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के दावे किए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना है कि कलाकारों के साथ किसी भी तरह का अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। कई यूजर्स ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में अनुशासन बनाए रखने और कलाकारों के सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं कुछ लोगों ने आयोजकों से ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग भी की।
कलाकारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर भी बहस शुरू हो गई है। सोशल media पर कई लोगों का मानना है कि बड़ी भीड़ वाले आयोजनों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए, ताकि कलाकार और दर्शक दोनों सुरक्षित रह सकें।
हाल ही में की थी सगाई की घोषणा
कुछ समय पहले ही जैस्मिन सैंडलस ने दिल्ली में आयोजित अपने कॉन्सर्ट के दौरान अपने मंगेतर शेखर चौधरी के साथ सगाई की घोषणा की थी। उन्होंने मंच से अपनी इंगेजमेंट रिंग भी प्रशंसकों को दिखाई थी। इसके बाद से उनके फैंस उनकी शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।