उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को सीतापुर जिले के राजपुर चिलवारा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने कथित तौर पर जहर खाने के बाद मृत हुए शैलेन्द्र पाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया। इस दौरान कांग्रेस सांसद राकेश राठौर भी उनके साथ मौजूद रहे।
परिजनों से मिलकर जाना पूरा घटनाक्रम
अजय राय ने शैलेन्द्र पाल के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।
निष्पक्ष जांच और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और मृतक की मौत के संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
14 जुलाई को हुई थी शैलेन्द्र पाल की मौत
बताया जा रहा है कि 14 जुलाई को कथित तौर पर जहर खाने के बाद शैलेन्द्र पाल की मौत हो गई थी। घटना के बाद से परिजन लगातार न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब कांग्रेस के इस मामले में सक्रिय होने से यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है।