आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर हाथरस जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंगलवार को सासनी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अलीगढ़ से आगरा तक जाने वाले मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया, जो सिंगल लेन राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण संवेदनशील माना जाता है।
ब्लैक स्पॉट और जलभराव वाले क्षेत्रों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग पर मौजूद ब्लैक स्पॉट, जलभराव वाले क्षेत्रों, प्रकाश व्यवस्था की कमी वाले स्थानों और प्रमुख चौराहों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश
डीएम अतुल वत्स ने अधिकारियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
एसपी सहित कई अधिकारी रहे मौजूद
संयुक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित पुलिस, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुधार कार्यों की प्रगति की जानकारी भी जिलाधिकारी को दी।
जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मार्ग पर स्थित विभिन्न शिवालयों और प्रमुख स्थलों का भी मुआयना किया। सासनी चौराहे से पहले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और पंप लगाने की योजना पर चर्चा की गई। प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।