महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से की शिकायत, प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च और प्रचार को लेकर लगाए आरोप

प्रकाशित: 21-07-2026, 01:00 PM
बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से की शिकायत, प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च और प्रचार को लेकर लगाए आरोप
शेयर करें:

बिहार भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पटना में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर पर कथित रूप से चुनावी खर्च की निर्धारित सीमा से अधिक खर्च करने, फर्जी कंपनियों के माध्यम से प्रचार कराने तथा सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट और बॉट नेटवर्क के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप लगाए।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे कई वरिष्ठ नेता

भाजपा प्रतिनिधिमंडल में बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक जीवेश मिश्रा, विधान परिषद के मुख्य सचेतक जनक राम, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा चुनाव आयोग प्रकोष्ठ के संयोजक राकेश ठाकुर शामिल थे।

शाहनवाज हुसैन ने लगाए चुनावी खर्च के आरोप

निर्वाचन आयोग से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन चुनाव आयोग के नियमों का पालन करना भी आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने चुनावी खर्च की निर्धारित 40 लाख रुपये की सीमा से अधिक खर्च किया है। शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि इस संबंध में भाजपा ने चुनाव आयोग को दस्तावेजी साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं।

सोशल मीडिया नेटवर्क पर भी उठाए सवाल

शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के लिए विभिन्न कंपनियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और इन्फ्लुएंसर्स के जरिए कृत्रिम माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और धन के स्रोत की जांच की मांग की।

विदेश से संचालित अकाउंट का भी लगाया आरोप

बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को ऐसे कई सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी दी है, जिनकी लोकेशन कथित तौर पर देश के बाहर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अकाउंट्स के माध्यम से बिहार के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है और आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग की।

जनप्रतिनिधित्व कानून के उल्लंघन का आरोप

विधायक जीवेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर जनप्रतिनिधित्व कानून के प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को चुनावी खर्च और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं। वहीं, विधान परिषद के मुख्य सचेतक जनक राम ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में है तथा मतदाता लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला देंगे।

निष्पक्ष जांच की मांग

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि चुनावी आचार संहिता अथवा जनप्रतिनिधित्व कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: