संभावित बाढ़ और कोसी नदी के बढ़ते कटाव को देखते हुए मधेपुरा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह और उप विकास आयुक्त के साथ आलमनगर प्रखंड की गंगापुर पंचायत स्थित हरजोड़ा घाट पहुंचकर कटाव प्रभावित क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया।
अधिकारियों को दिए बाढ़ पूर्व तैयारियां पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उदाकिशुनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सहित जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के कई अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने, संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों से जाना हालात का जायजा
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर बाढ़, नदी कटाव और क्षेत्र की अन्य समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाएगा और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
'प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सुरक्षा हमारी प्राथमिकता'
निरीक्षण के बाद डीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ और कोसी नदी के कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ से पहले तैयारी पर प्रशासन का विशेष फोकस
जिला प्रशासन का कहना है कि संभावित बाढ़ से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य बिना किसी बाधा के संचालित किए जा सकें। साथ ही कटाव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।