गोंडा पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अंतर्जनपदीय गौ तस्कर को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में थाना नवाबगंज क्षेत्र में देर रात चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान हुई।
पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
मुठभेड़ के दौरान पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने वांछित आरोपी को घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस के साथ एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
गोंडा और अयोध्या में दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शातिर आरोपी के खिलाफ गोंडा और अयोध्या जनपद में गौ तस्करी से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।