अयोध्या के मणिरामदास छावनी में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में ट्रस्ट से जुड़े प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पहली बैठक में होगी कार्यों की समीक्षा
दोपहर 3 बजे होने वाली पहली बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। ट्रस्ट के सदस्य विभिन्न परियोजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
दूसरी बैठक में एजेंडे के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा
शाम 4 बजे प्रस्तावित दूसरी बैठक में निर्धारित एजेंडे के विभिन्न विषयों पर विस्तृत मंथन होगा। ट्रस्ट के भविष्य की योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।
रिक्त तीन पदों पर नियुक्ति को लेकर हो सकता है फैसला
सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट में रिक्त तीन पदों को भरने को लेकर भी बैठक में चर्चा हो सकती है। नए सदस्यों के चयन को लेकर कई संत-धर्माचार्यों के नामों पर विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि रामानंदीय वैष्णव संप्रदाय के संतों को प्रतिनिधित्व मिल सकता है।
इन नामों की चर्चा तेज
नए सदस्यों के चयन को लेकर जिन प्रमुख नामों की चर्चा है, उनमें मिथिलेशनंदिनीशरण, कमलनयनदास, राजकुमार दास, रामशरणदास, रामानंददास, वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर और यतींद्र मोहन मिश्र के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बैठक के बाद हो सकती है आधिकारिक घोषणा
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से नए सदस्यों के चयन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद लिए गए निर्णयों की औपचारिक जानकारी ट्रस्ट की ओर से साझा की जा सकती है।