रामपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय कपूर ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रस्तावित पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने से पहले पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
छात्रों पर कार्रवाई को बताया निंदनीय
मीडिया से बातचीत में संजय कपूर ने हाल ही में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, उन्हें हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी विरोध दर्ज कराया था।
किसानों और जनहित के मुद्दों पर देना था ज्ञापन
संजय कपूर ने बताया कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल किसानों की समस्याओं, खाद और कृषि दवाइयों की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर ज्ञापन देने दिल्ली जाने वाला था। हाउस अरेस्ट किए जाने के कारण वे नहीं जा सके, जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट को उनके आवास पर बुलाकर ज्ञापन सौंपा गया।
जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर रखी अपनी राय
जौहर यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर संजय कपूर ने कहा कि यह शिक्षा का एक महत्वपूर्ण संस्थान है और इसे ध्वस्त नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि ट्रस्ट से कोई तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि हुई है तो उसका समाधान नियमानुसार किया जाए, लेकिन विश्वविद्यालय का संचालन जारी रहना चाहिए ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप
पूर्व विधायक ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों, छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और जनता उचित समय पर इसका जवाब देगी।