महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

हरदोई रोडवेज बस अड्डे पर दर्दनाक हादसा, दो बसों के बीच फंसकर महिला की मौत

प्रकाशित: 23-07-2026, 05:46 AM
हरदोई रोडवेज बस अड्डे पर दर्दनाक हादसा, दो बसों के बीच फंसकर महिला की मौत
शेयर करें:

हरदोई: शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डे पर बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दो रोडवेज बसों के बीच फंसने से गंभीर रूप से घायल महिला ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई।

बस का इंतजार कर रही थीं नेहा सिंह

मृतका की पहचान कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई गांव निवासी नेहा सिंह (32), पत्नी स्वर्गीय सर्वेश सिंह, के रूप में हुई है। नेहा एक निजी दवा कंपनी में कार्यरत थीं और उन्नाव के बांगरमऊ में आयोजित आधिकारिक बैठक में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। वह रोडवेज बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रही थीं।

दो बसों के बीच फंसने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान कन्नौज डिपो और हरदोई डिपो की दो रोडवेज बसें आगे बढ़ीं। अचानक नेहा दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच फंस गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बस चालकों पर लगाया लापरवाही का आरोप

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों का आरोप है कि हादसा दोनों बस चालकों की लापरवाही के कारण हुआ। उनका कहना है कि बिना यह सुनिश्चित किए कि सामने कोई व्यक्ति है या नहीं, दोनों बसों को आगे बढ़ा दिया गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

10 साल पहले पति की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत

मृतका के देवर वीरेश सिंह ने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले नेहा के पति सर्वेश सिंह, जो पेशे से ट्रक चालक थे, सड़क हादसे में डीसीएम और ट्रक के बीच फंसने से जान गंवा बैठे थे। पति की मौत के बाद नेहा ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाली और नौकरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण किया।

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

नेहा सिंह अपने पीछे 15 वर्षीय बेटी रिया सिंह और 11 वर्षीय बेटे विवेक को छोड़ गई हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एक दशक के भीतर सड़क हादसे ने इस परिवार से पहले पिता और अब मां को छीन लिया, जिससे परिजन गहरे सदमे में हैं।

 
 
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: