NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच अब बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों का समर्थन करते हुए बेहतर और निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया। इससे पहले अभिनेता सलमान खान भी इस मुद्दे पर अपनी राय रख चुके हैं।
ट्रोलिंग के बाद आई प्रतिक्रिया
पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर इन कलाकारों से इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने की मांग की जा रही थी। प्रतिक्रिया नहीं आने पर उन्हें ट्रोल भी किया जा रहा था। अब सलमान खान के बाद आलिया भट्ट और आर. माधवन की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।
'हर छात्र के पीछे एक सपना और परिवार की उम्मीद'
आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं ने उनका दिल कई बार तोड़ा है, लेकिन छात्रों के साहस ने उन्हें उम्मीद भी दी है। उन्होंने लिखा कि हर छात्र के पीछे एक सपना, एक परिवार की उम्मीद और वर्षों का त्याग छिपा होता है। ये छात्र केवल अपने लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बेहतर भविष्य की राह बना रहे हैं।
'छात्रों की हिम्मत को मेरा सलाम'
आलिया ने कहा कि वह छात्रों के साहस और उनके संकल्प के सामने नतमस्तक हैं। उन्होंने लिखा कि छात्रों का संघर्ष समाज से यह सवाल पूछता है कि क्या हम सच में उन लोगों की आवाज सुन रहे हैं, जो देश के भविष्य का निर्माण करेंगे।उन्होंने अपने संदेश का समापन इन शब्दों के साथ किया— "छात्रों के लिए, छात्रों द्वारा... भविष्य उन्हीं का है।"
आर. माधवन ने भी की निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था की मांग
आर. माधवन ने भी अपने संदेश में कहा कि हर छात्र को पारदर्शी, निष्पक्ष और ईमानदार परीक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए। उन्होंने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए छात्रों से अपना आत्मविश्वास और मेहनत बनाए रखने की अपील की।
सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
सलमान खान, आलिया भट्ट और आर. माधवन के बयानों के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। कई यूजर्स इन कलाकारों के समर्थन की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि यह प्रतिक्रिया पहले आनी चाहिए थी।