बिहार से 1,150 श्रद्धालुओं को लेकर निकली सोमनाथ यात्रा सफलतापूर्वक अपने गंतव्य पर पहुंच गई। बुधवार को श्रद्धालु वेरावल रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से निजी बसों के माध्यम से सभी को सोमनाथ धाम ले जाया गया। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दर्शन किए और बिहार की सुख-समृद्धि, शांति तथा विकास के लिए प्रार्थना की।
महिला श्रद्धालुओं ने जताया आभार
पटना निवासी श्रद्धालु पुष्पा ने इस यात्रा को अपने जीवन का सबसे यादगार आध्यात्मिक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रयास से उन्हें सोमनाथ धाम के दर्शन का सौभाग्य मिला, जिसके लिए वे हृदय से आभारी हैं।उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं ने भगवान सोमनाथ से बिहार के उज्ज्वल भविष्य, राज्य की खुशहाली और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। साथ ही महिला श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें अपना आशीर्वाद और समर्थन देने की बात कही।
'सोमनाथ के दर्शन सनातनियों के लिए गौरव का क्षण'
पूर्णिया निवासी श्रद्धालु सुबोध मेहता ने कहा कि सोमनाथ धाम के दर्शन प्रत्येक सनातनी के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत है और विकास कार्यों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
'यह यात्रा जीवनभर याद रहेगी'
बुजुर्ग श्रद्धालु भरत लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित यह यात्रा ऐतिहासिक पहल है। उनके अनुसार, बिहार सरकार की ओर से श्रद्धालुओं को मिला यह अवसर जीवनभर याद रहने वाला अनुभव है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ धाम के दर्शन का सपना मुख्यमंत्री की पहल से साकार हुआ और यह यात्रा उनके जीवन के सबसे सुखद एवं अविस्मरणीय क्षणों में शामिल रहेगी।