मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कथित गोकशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से दो जीवित गोवंश, अवैध हथियार, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक वैगनआर कार और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश के लिए कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरूरपुर थाना पुलिस हर्रा-खिवाई मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जसड़-पांचली रोड के पास कुछ लोग ईख के खेत में गोवंश बांधकर कथित रूप से गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने की फायरिंग
पुलिस का दावा है कि घिरता देख 7-8 आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
दो आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम (निवासी हर्रा, मेरठ) और शादाब उर्फ दानिश (निवासी नौचंदी, मेरठ) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अकरम के खिलाफ करीब 20 और शादाब के खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे (315 बोर), कारतूस, दो चाकू, एक बांका, गोकशी के उपकरण, दो जीवित गाय, एक वैगनआर कार और दो मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
क्षेत्राधिकारी सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के बाद घायल आरोपियों को अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।