केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद इसकी चर्चा सिर्फ राजनीतिक गलियारों तक सीमित नहीं रही, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में भी इस फैसले को लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। छात्र आंदोलन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर लंबे समय से चल रही बहस के बीच कई फिल्मी सितारों ने सोशल मीडिया पर अपनी राय साझा की।
प्रियंका चोपड़ा ने इमोजी के जरिए जताई प्रतिक्रिया
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से जुड़ी खबर साझा की। उन्होंने कोई लंबा संदेश नहीं लिखा, लेकिन ताली, दिल और स्माइल इमोजी पोस्ट कर छात्रों के आंदोलन और फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
सोनाक्षी सिन्हा ने फिल्मी अंदाज में किया पोस्ट
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, "धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया।" इसके साथ उन्होंने फिल्म 'धुरंधर' के गाने 'आरी आरी' का जिक्र करते हुए अपनी प्रतिक्रिया साझा की।
प्रकाश राज बोले- 'युवाओं का साथ देने वालों को बधाई'
अभिनेता प्रकाश राज ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, "सभी लोगों को बधाई, जिन्होंने युवाओं का साथ दिया।" उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ट्रक पर खड़े होकर हाथ में भारतीय संविधान लिए दिखाई दे रहे हैं।
समय रैना ने छात्रों की हिम्मत की सराहना की
कॉमेडियन समय रैना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने लिखा, "छात्रों की हिम्मत और बढ़े।" इसके साथ उन्होंने कहा कि छात्र केवल बेहतर शिक्षा व्यवस्था और जवाबदेही चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बातचीत के जरिए समाधान निकालने के बजाय हालात इतने बिगड़ने क्यों दिए गए। समय ने यह भी कहा कि अधिकांश छात्रों और उनके परिवारों के लिए ये परीक्षाएं बेहतर भविष्य का सबसे बड़ा माध्यम हैं और उम्मीद जताई कि उनकी आवाज सुनी जाएगी।
वीर दास ने छात्रों को दी जीत की बधाई
अभिनेता और कॉमेडियन वीर दास ने भी इंस्टाग्राम पर छात्रों को बधाई देते हुए लिखा, "आप लोगों ने उस किताब के एक छोटे से शब्द को फिर से जीवित कर दिया, जिसे हम सबने स्कूल में पढ़ा था और भूल गए थे। प्यारे बच्चों, अब आगे चाहे जो भी हो, आप जीत गए हैं। अब जल्दी कीजिए और जश्न मनाइए।"
विजय वर्मा ने सरकार पर कसा तंज
अभिनेता विजय वर्मा ने लगातार दो पोस्ट साझा किए। पहले पोस्ट में उन्होंने लिखा, "दो भाई, दोनों तबाही... सचमुच गज्जू जी नाकामी को हाथ हिलाकर अलविदा कह रहे हैं।" वहीं दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा, "अच्छा चलता हूं, दुआओं में याद रखना।"
सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के साथ-साथ फिल्मी हस्तियों की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से वायरल हो रही हैं। कई कलाकारों ने छात्रों के आंदोलन और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की जरूरत पर जोर दिया, जबकि उनके पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।