महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

अयोध्या में राशन दुकान के लाइसेंस पर विवाद, महिला समूह ने प्रशासन को दिया तीन दिन का अल्टीमेटम

प्रकाशित: 25-07-2026, 12:28 PM
अयोध्या में राशन दुकान के लाइसेंस पर विवाद, महिला समूह ने प्रशासन को दिया तीन दिन का अल्टीमेटम
शेयर करें:

अयोध्या के रूदौली तहसील क्षेत्र में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के लाइसेंस को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनाव में जीत का दावा करने वाले एकता महिला स्वयं सहायता समूह ने प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए जल्द लाइसेंस जारी करने की मांग की है। समूह ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

एसडीएम कार्यालय पहुंचकर लगाया न्याय की गुहार

महिला स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सुनीता देवी के नेतृत्व में सदस्यों ने एसडीएम रूदौली को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महिलाओं ने "एसडीएम महोदय, न्याय दो... न्याय दो..." के नारे लगाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।

मतदान में जीत का किया दावा

ज्ञापन के अनुसार, 21 जुलाई को अधिकारियों की मौजूदगी में हुए मतदान में एकता महिला स्वयं सहायता समूह को 266 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी माँ कोटहिन भवानी महिला स्वयं सहायता समूह को 184 वोट प्राप्त हुए।

समूह का कहना है कि स्पष्ट बहुमत मिलने के बावजूद अब तक सरकारी राशन दुकान का लाइसेंस जारी नहीं किया गया है।

दस्तावेज जमा कराने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

महिला समूह का आरोप है कि 22 जुलाई को उन्हें ब्लॉक कार्यालय बुलाकर सभी आवश्यक अभिलेख जमा करा लिए गए। इसके बाद ग्रेडिंग प्रक्रिया का हवाला दिया गया, लेकिन अब तक लाइसेंस जारी करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

2025 के चुनाव का भी किया जिक्र

एकता महिला स्वयं सहायता समूह ने दावा किया कि वर्ष 2025 में भी हुए मतदान में उनका समूह विजयी रहा था, लेकिन उस समय भी उन्हें राशन दुकान का लाइसेंस नहीं दिया गया। समूह का आरोप है कि लगातार उनके साथ अन्याय किया जा रहा है।

तीन दिन का अल्टीमेटम, धरने की चेतावनी

महिला समूह ने प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर लाइसेंस जारी नहीं किया गया, तो 29 जुलाई से विकास खंड रूदौली परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर

फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन महिला समूह की मांगों पर क्या फैसला लेता है और राशन दुकान के लाइसेंस को लेकर आगे क्या कार्रवाई होती है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: