महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

भागलपुर में आंगनबाड़ी केंद्र पर बवाल, दो माह से पोषण आहार नहीं मिलने का आरोप

प्रकाशित: 28-07-2026, 08:55 AM
भागलपुर में आंगनबाड़ी केंद्र पर बवाल, दो माह से पोषण आहार नहीं मिलने का आरोप
शेयर करें:

भागलपुर: पीरपैंती प्रखंड के बाखरपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-11 में आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि केंद्र संख्या-85 की सेविका के निधन के बाद बिना सार्वजनिक सूचना और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जानकारी दिए केंद्र को दूसरे आंगनबाड़ी केंद्र से संबद्ध (मर्ज) कर दिया गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई और लाभुकों को मिलने वाली सरकारी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

सेविका के निधन के बाद दूसरे केंद्र में किया गया संबद्ध

ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-85 की सेविका के निधन के बाद केंद्र को दूसरे केंद्र के साथ जोड़ दिया गया। आरोप है कि इस संबंध में न तो वार्डवासियों को सूचना दी गई और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कोई राय ली गई।

दो माह से पोषण आहार नहीं मिलने का आरोप

लाभार्थी प्रियंका देवी, नीलम देवी, ललिता देवी, बिजली देवी, वंदना कुमारी, अनीता देवी सहित कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो माह से उन्हें पोषण आहार नहीं मिला है। उनका कहना है कि पहले गांव में ही आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होता था, लेकिन अब केंद्र कहां चल रहा है, इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

बच्चों की पढ़ाई और सुविधाएं प्रभावित

ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र के दूसरे स्थान पर संचालित होने से वार्ड के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा प्रभावित हो रही है। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से पोषण आहार और पका हुआ भोजन भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

वार्ड में दोबारा केंद्र शुरू करने की मांग

ग्रामीण मेनका देवी ने वार्ड संख्या-11 में दोबारा आंगनबाड़ी केंद्र शुरू करने की मांग की। वहीं, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि जुलूस तांती ने कहा कि सेविका के निधन के बाद केंद्र को बिना सूचना दूसरे स्थान पर संचालित किया जाने लगा। उन्होंने वार्ड में अलग से केंद्र संचालित करने और लंबित पोषण आहार का जल्द वितरण सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रभारी सेविका ने बताई समस्या

इस मामले में प्रभारी केंद्र सेविका रीता देवी ने बताया कि वार्ड संख्या-11 में केंद्र संचालित करने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि सहायिका के सहयोग नहीं करने और पंचायत भवन की खराब स्थिति के कारण केंद्र का संचालन प्रभावित हुआ है। पंचायत भवन की मरम्मत होते ही वहां नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किया जाएगा।

तीन माह से पोषण आहार की आपूर्ति नहीं होने का दावा

रीता देवी ने यह भी बताया कि विभाग की ओर से पिछले लगभग तीन माह से पोषण आहार की आपूर्ति नहीं हुई है। इसी कारण लाभुकों के बीच पोषण आहार का वितरण नहीं किया जा सका।

ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वार्ड संख्या-11 में आंगनबाड़ी केंद्र को पुनः संचालित करने, पोषण आहार का नियमित वितरण सुनिश्चित करने तथा मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: