देवकाली स्थित राजकीय डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने अयोध्या नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से मुलाकात कर अस्पताल और कॉलेज की आवश्यक सुविधाओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा।
9 जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग
मांग पत्र में अस्पताल के लिए ईसीजी (ECG) मशीन, बेड, व्हीलचेयर, आरओ (RO) प्लांट सहित कुल 9 आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने की मांग की गई है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में आरसीसी सड़क और नाली निर्माण कराने का भी अनुरोध किया गया है।
मरीजों और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
प्राचार्य ने बताया कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए भी शैक्षणिक और बुनियादी व्यवस्थाएं मजबूत होंगी।
विधायक ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
अयोध्या नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं और जनहित से जुड़े कार्य सरकार की प्राथमिकता में हैं।
'बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का होगा प्रयास'
विधायक ने कहा कि प्राचार्य के साथ अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मांग पत्र में शामिल आवश्यकताओं पर विचार करते हुए अस्पताल को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।