गोंडा: जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में गौकशी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10:50 बजे सूचना मिली कि गौकशी के मामले में वांछित आरोपी कमरुद्दीन रेलवे क्रॉसिंग के पास से भागने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर थाना इटियाथोक पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया।
पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस का दावा है कि मोटरसाइकिल से आ रहे आरोपी को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
घायल आरोपी मेडिकल कॉलेज में भर्ती
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से गौकशी का मुकदमा दर्ज है और उसका आपराधिक इतिहास भी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।