सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए प्रतापगढ़ यातायात पुलिस को एक अत्याधुनिक इनोवा इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शुक्रवार को पुलिस लाइन से वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हाईटेक उपकरणों से लैस है इंटरसेप्टर वाहन
नई इंटरसेप्टर गाड़ी में स्पीड गन, ब्रीथ एनालाइज़र और ब्लैक फिल्म जांचने वाला उपकरण लगाया गया है। इन तकनीकों की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
ओवरस्पीड और ड्रंक ड्राइविंग पर होगी सख्ती
पुलिस के अनुसार, यह वाहन तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और मानक से अधिक काली फिल्म लगे वाहनों की पहचान कर स्वतः ई-चालान जारी करने में सक्षम है।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में होगी तैनाती
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन को राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ-साथ दुर्घटना संभावित स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन पर रहेगा फोकस
यातायात पुलिस का कहना है कि इस अत्याधुनिक वाहन की मदद से यातायात नियमों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित होगा। साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और आम लोगों को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।