भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और पद्मश्री सम्मानित वंदना कटारिया को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण मिला है। इस खबर से उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
राष्ट्रपति भवन से पहुंचा निमंत्रण पत्र
शनिवार को डाक विभाग ने राष्ट्रपति भवन की ओर से भेजा गया निमंत्रण पत्र हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया के आवास पर उनके परिजनों को सौंपा।
मुंबई में प्रशिक्षण ले रही हैं वंदना
वंदना कटारिया इन दिनों आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिए मुंबई में प्रशिक्षण ले रही हैं। ऐसे में उनके परिजनों ने फोन के माध्यम से उन्हें राष्ट्रपति भवन से मिले निमंत्रण की जानकारी दी।
परिवार में खुशी का माहौल
महामहिम राष्ट्रपति की ओर से मिले इस विशेष आमंत्रण के बाद परिवार में उत्साह का माहौल है। परिजनों ने इसे वंदना की उपलब्धियों और भारतीय हॉकी में उनके योगदान का सम्मान बताया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे शामिल
वंदना कटारिया के भाई चंद्रशेखर ने बताया कि परिवार इस सम्मान से बेहद गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि तय नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार वे दिल्ली में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेंगे और राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करेंगे।