बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (गोप गुट) भोजपुर और NWFT महिला शिक्षिका संघ (गोप गुट) के संयुक्त बैनर तले शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर आरा शहर में पदयात्रा निकाली। कार्यक्रम राज्य स्तरीय निर्णय के तहत आयोजित किया गया।
जेपी प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई शुरुआत
पदयात्रा की शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार विमल सहित कई पदाधिकारियों ने जेपी को श्रद्धांजलि दी।
'शिक्षा बचाओ, देश बचाओ' का दिया संदेश
पदयात्रा के दौरान शिक्षकों ने 'शिक्षा बचाओ, देश बचाओ' के नारे लगाए और अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं इस अभियान में शामिल हुए।
कई शिक्षक नेताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महासंघ गोप गुट भोजपुर के जिलाध्यक्ष रामानंद सिंह, जिला सचिव सुमन, अवधेश पासवान, राजाराम प्रियदर्शी, मनोज किरण, धर्म कुमार, मनीष कुमार, कमलेश कुमार, केदारनाथ सिंह, अरविंद कुमार, अल्का कुमारी, अंजु कुमारी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
9 अगस्त और 25 अगस्त के कार्यक्रमों का ऐलान
शिक्षक संगठनों ने घोषणा की कि 9 अगस्त (क्रांति दिवस) पर NPS/UPS भारत छोड़ो कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं 25 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय मांगों के समर्थन में राज्यव्यापी भूख हड़ताल आयोजित की जाएगी।
मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।