नोरा फतेही पिछले कुछ समय से मोरक्को के स्टार फुटबॉलर और गोलकीपर यासीन बौनू के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। अब अभिनेत्री ने पहली बार इन खबरों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
'वो मेरे अच्छे दोस्त हैं'
हाल ही में 'द क्रिस फेड शो' में पहुंचीं नोरा फतेही से जब यासीन बौनू के साथ उनके रिश्ते को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि यासीन उनके अच्छे दोस्त हैं। नोरा ने उनकी जमकर तारीफ करते हुए उन्हें दुनिया के बेहतरीन गोलकीपरों में से एक बताया।
फुटबॉलर की जमकर की तारीफ
नोरा ने कहा कि यासीन एक शानदार खिलाड़ी होने के साथ-साथ बेहद अच्छे इंसान भी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यासीन की उपलब्धियों पर गर्व है और वह हमेशा उनके खेल की सराहना करती हैं।
शो में रिश्ते को लेकर हुई हल्की नोकझोंक
इंटरव्यू के दौरान शो के होस्ट ने मजाक में कहा कि यासीन का नाम लेते वक्त नोरा थोड़ा शर्माती हुई नजर आईं। वहीं, एक अन्य होस्ट ने दोनों की जोड़ी को अच्छी बताया। इस पर नोरा ने मुस्कुराते हुए बात को दूसरी दिशा में मोड़ दिया और कहा कि वह पूरी मोरक्को फुटबॉल टीम को फॉलो करती हैं, हालांकि यासीन का खेल उन्हें खास तौर पर पसंद है।
कैसे हुई दोस्ती?
नोरा ने बताया कि उनका और यासीन का मैनेजर एक ही है, इसलिए वह उन्हें काफी समय से जानती थीं। हालांकि, दोनों के बीच बातचीत कुछ महीनों पहले ही शुरू हुई। उन्होंने कहा कि यासीन बेहद शांत, विनम्र और अपने खेल पर ध्यान देने वाले व्यक्ति हैं।
पहले भी जुड़ चुका है नाम
इससे पहले भी नोरा फतेही का नाम मोरक्को के फुटबॉलर अशरफ हकीमी के साथ जोड़ा गया था। उस समय भी अभिनेत्री ने इन खबरों को महज अफवाह बताते हुए खारिज कर दिया था।