बांदा: नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में लगातार बारिश के बीच एक जर्जर मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सात सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे, जिनमें से छह की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मलबे में दबा पूरा परिवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान गिरने के बाद परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
छह लोगों की मौके पर मौत
हादसे में एक ही परिवार के माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
100 साल पुराना बताया जा रहा मकान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ मकान करीब 100 वर्ष पुराना और जर्जर अवस्था में था। लगातार बारिश के कारण मकान कमजोर होकर ढह गया।
एसी के कारण एक ही कमरे में सो रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि घर में लगे एसी के कारण परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान मकान गिरने से सभी मलबे की चपेट में आ गए।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।