पटना: मोकामा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 और 2 में लगातार बारिश और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। गुरुदेव टोला में सड़कों और गलियों में घुटनों तक पानी भरा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आवागमन के लिए बनाया अस्थायी चचरी पुल
जलभराव के कारण रास्ते पूरी तरह डूब गए हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने आने-जाने के लिए लकड़ी और बांस से अस्थायी चचरी पुल तैयार किया है, ताकि लोगों का आवागमन किसी तरह जारी रह सके।
सड़क पर धान की रोपनी कर जताया विरोध
नगर परिषद और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने के लिए ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने जलभराव वाली सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। वहीं बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत हो रही है। लोगों ने पानी में करंट उतरने, कीड़े-मकोड़ों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारी फैलने की आशंका भी जताई है।
बार-बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर परिषद में जल निकासी की समस्या की शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि हर साल बरसात में यही स्थिति बन जाती है।
जनप्रतिनिधियों से भी लगाई गुहार
ग्रामीणों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।