आरा: शहर के शीतल टोला रोड की जर्जर स्थिति से स्थानीय लोग वर्षों से परेशान हैं। बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है और पूरा रास्ता तालाब जैसा दिखाई देने लगता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी भरे गड्ढों से होकर गुजरने को मजबूर लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाता है। मजबूरी में लोगों को इन्हीं गड्ढों से होकर रोजाना आवागमन करना पड़ता है।
कई बार की शिकायत, फिर भी नहीं मिला समाधान
ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम, सांसद और विधायक से सड़क निर्माण एवं जल निकासी की समस्या को लेकर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका।
नगर आयुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
नगर आयुक्त अंजू कुमारी ने मोबाइल पर बातचीत में बताया कि प्रशासन की इस सड़क पर नजर है और जल्द आवश्यक कार्य कराया जाएगा।
टूटी पुलिया बनी हादसे का कारण
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बनी पुलिया भी काफी जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह से टूटी पुलिया के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
आंदोलन की तैयारी में स्थानीय लोग
लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।