बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को उनके दाहिने हाथ की सफल माइनर सर्जरी की गई। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
दाहिने हाथ की हुई माइनर सर्जरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिथुन चक्रवर्ती के दाहिने हाथ में पहले एक दुर्घटना के बाद मेटल प्लेट लगाई गई थी। डॉक्टरों की सलाह पर इस प्लेट को माइनर सर्जरी के जरिए निकाल दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा और उनकी रिकवरी सामान्य है।
शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचकर मिथुन चक्रवर्ती से मिले। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि सर्जरी सफल रही है और अभिनेता की तबीयत अब पहले से बेहतर है।
पहले भी हो चुके हैं अस्पताल में भर्ती
गौरतलब है कि फरवरी 2024 में भी मिथुन चक्रवर्ती को ब्रेन स्ट्रोक और सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट आए थे।
350 से अधिक फिल्मों में कर चुके हैं काम
76 वर्षीय मिथुन चक्रवर्ती ने अपने पांच दशक से अधिक लंबे करियर में 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने हिंदी के अलावा बंगाली, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, ओड़िया और पंजाबी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई है।
कई बड़े सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
मिथुन चक्रवर्ती को उनके अभिनय और भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार फिल्मफेयर पुरस्कार, पद्म भूषण और भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।