बलिया: दिवंगत बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे प्रिंस युकेश सिंह के राजनीति में आने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। बलिया के ब्यासी घाट पर उमाशंकर सिंह के अंतिम संस्कार में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने युकेश के राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया।
'एक दिन बड़ा उमाशंकर बनेगा युकेश'
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उमाशंकर सिंह के निधन पर दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों ने उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोगों की दुआओं और शुभकामनाओं के बल पर युकेश सिंह आगे चलकर अपने पिता की तरह बड़ी पहचान बनाएंगे।
उमाशंकर को किसी दल की सीमा में नहीं बांध सकते- मंत्री
अंत्येष्टि कार्यक्रम के दौरान भावुक नजर आए दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उमाशंकर सिंह को किसी राजनीतिक सीमा में बांधा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अलग-अलग दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी उनके प्रति सम्मान और संवेदना रही है।
अमित शाह और PMO की भूमिका का किया जिक्र
मंत्री ने बसपा सुप्रीमो मायावती के प्रति आभार जताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह के इलाज के दौरान केंद्र की ओर से लगातार चिकित्सा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली जाती रही।
'रसड़ा का भगवान नहीं रहा'
दिनेश प्रताप सिंह ने उमाशंकर सिंह के जनाधार का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में शायद ही कोई ऐसा दल हो, जहां उनके निधन का दुख न हो। उन्होंने भावुक होकर कहा कि रसड़ा और बलिया ने अपना एक बड़ा जननेता खो दिया है।
मायावती के बयान के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल
दरअसल, उमाशंकर सिंह के अंतिम संस्कार से पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा था कि पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर परिवार चाहता है कि युकेश सिंह राजनीति में आएं, तो बसपा उनका समर्थन करेगी।
क्या बीजेपी में शामिल होंगे युकेश?
मायावती के बयान और अब भाजपा नेता के संकेत के बाद युकेश सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, युकेश सिंह के भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि वह राजनीति में कदम रखते हैं तो किस दल का दामन थामते हैं।