महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

विश्व आदिवासी दिवस पर पलामू में निकली प्रभात फेरी, बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन की वेशभूषा में विद्यार्थियों ने मोहा मन

Ranjeet kumar gupta
प्रकाशित: 09-08-2026, 03:11 PM
विश्व आदिवासी दिवस पर पलामू में निकली प्रभात फेरी, बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन की वेशभूषा में विद्यार्थियों ने मोहा मन
प्रभात फेरी में दिखी आदिवासी समाज की समृद्ध कला-संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की झलक
शेयर करें:

झारखण्ड/पलामू। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पलामू जिला प्रशासन की ओर से रविवार को प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और कलाकारों ने विभिन्न झांकियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया।

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि प्रभात फेरी के माध्यम से आमजनों तक विश्व आदिवासी दिवस के महत्व के साथ-साथ आदिवासी समाज की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली इतिहास का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों में विश्व आदिवासी दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और पलामू भी इसमें सक्रिय सहभागिता निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के बाद से आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है।

विद्यार्थियों की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

प्रभात फेरी के दौरान संत मरियम स्कूल और ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने झारखंड के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को प्रदर्शित किया।

वहीं, संत मरियम स्कूल के विद्यार्थियों ने राजा मेदिनी राय, बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर और शिबू सोरेन की भूमिका में प्रस्तुति दी। खास तौर पर बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन की वेशभूषा में विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से झारखंड के इतिहास, आदिवासी समाज के संघर्ष और उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

सांस्कृतिक नृत्य ने बांधा समां

प्रभात फेरी के प्रारंभ होने से पहले नृत्य निर्देशक सुजीत कुमार के निर्देशन में संत मरियम स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी। छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उपायुक्त ने प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित लोगों को शुभकामनाएं दीं।

आयोजन में इनका रहा सराहनीय योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में संत मरियम स्कूल के कला निर्देशक कामरूप सिन्हा, राज प्रतीक पाल तथा ग्रीन वैली स्कूल के कला शिक्षक संजीत प्रजापति का सराहनीय योगदान रहा।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, डीसीएलआर प्यारे लाल, एपीआरओ अजित कुमार, शिक्षाविद अविनाश देव, पंडित प्रदीप नारायण, ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस, कार्यक्रम संयोजक सैकत चट्टोपाध्याय सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

टैग्स: #World Tribal Day #World Indigenous Day #Palamu News #Medininagar News #Jharkhand News #Palamu District #Medininagar #Prabhat Pheri #Birsa Munda #Shibu Soren #Nilamber Pitamber #Tribal Culture #Tribal Heritage #Tribal History #Jharkhand Tribal Culture #Palamu District Administration #Dileep Pratap Singh Shekhawat #Tribal Day 2026 #Jharkhand Tribal Day #Tribal Community
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: