महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

डालटनगंज की जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग, सांसद विष्णु दयाल राम ने पथ निर्माण विभाग के सचिव को लिखा पत्र

Ranjeet kumar gupta
प्रकाशित: 10-08-2026, 04:36 PM
डालटनगंज की जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग, सांसद विष्णु दयाल राम ने पथ निर्माण विभाग के सचिव को लिखा पत्र
सांसद विष्णु दयाल राम ने पथ निर्माण विभाग के सचिव को लिखा पत्र।
शेयर करें:

झारखण्ड/पलामू। पलामू लोकसभा क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने डालटनगंज छः मुहान चौक से सुदना गायत्री मंदिर रोड होते हुए बैरिया चौक तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के अविलंब पुनर्निर्माण की मांग की है। इस संबंध में सांसद ने झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर सड़क की स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि छः मुहान चौक से सुदना गायत्री मंदिर रोड होते हुए बैरिया चौक तक जाने वाली सड़क लंबे समय से अत्यंत खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर सड़क के कारण लगातार दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

बारिश के बाद और बदहाल हुई सड़क की स्थिति

वर्तमान में बरसात के कारण सड़क की स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं, समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई स्थानों पर बारिश का पानी आसपास के घरों में प्रवेश करने की समस्या भी सामने आ रही है।

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों में काफी आक्रोश है। स्थानीय समाचार पत्रों में भी सड़क की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया जा रहा है। बैरिया चौक के समीप सड़क के गड्ढों में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा धान की रोपाई किया जाना सड़क की बदहाली और प्रशासनिक उपेक्षा का प्रतीक बन गया है।

सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण की भी मांग

सांसद ने कहा कि यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग की जर्जर स्थिति को लंबे समय तक नजरअंदाज करना आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से उचित नहीं है।

उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव से अनुरोध किया है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क का स्थल निरीक्षण कराया जाए। इसके बाद लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क का अविलंब पुनर्निर्माण अथवा विशेष मरम्मतीकरण कराया जाए।

इसके साथ ही सांसद ने सड़क के दोनों ओर आवश्यकता के अनुसार नाली निर्माण कराने तथा समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर जलजमाव की समस्या समाप्त हो सके और आसपास के लोगों को भी राहत मिल सके।

टैग्स: #Palamu News #Daltonganj News #Medininagar News #Vishnu Dayal Ram #Palamu MP #Daltonganj Road #Palamu Road News
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: