महुआ खबर - Latest News & Updates | महुआ खबर | mahua Khabar
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

कल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे लाभ : उपायुक्त

Ranjeet kumar gupta
प्रकाशित: 10-08-2026, 05:43 PM
कल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे लाभ : उपायुक्त
साइकिल से छात्रवृत्ति तक योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
शेयर करें:

झारखण्ड/पलामू। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति, छात्रावास, आवासीय विद्यालय और PM-JANMAN के तहत Multi Purpose Centre (MPC) निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।

साइकिल वितरण योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कक्षा 8 में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किया जा रहा है। उपायुक्त ने शेष पात्र विद्यार्थियों को जल्द साइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने साइकिलों को खुले में रखने के बजाय सुरक्षित और उचित स्थान पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश और धूप से साइकिल खराब न हो और विद्यार्थियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों के सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए।

बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग से संबंधित योजनाओं के साथ धार्मिक स्थलों की चाहरदीवारी, आदिवासी कला-संस्कृति भवन, छात्रावास एवं आवासीय विद्यालयों की भी समीक्षा की गई।

PM-JANMAN के तहत Multi Purpose Centre के निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि कल्याण विभाग की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्गों को शिक्षा एवं अन्य सुविधाओं से जोड़ना है। इसलिए योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारेलाल सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

टैग्स: #Palamu #Medininagar #Daltonganj #Palamu DC #Dileep Pratap Singh Shekhawat #Welfare Department
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: